अचानक आज हाँथो में पुराने कुछ पन्ने
मेरी सेल्फ से,किसी क़िताब से निकलकर,
मेरी आँखों के सामने हाज़िर हुए
बहुत ही अज़ीब ढंग से
वो बेतरतीब पन्ने ।
जिन्होंने तुमको संजोये रखा है
बड़े तरतीब के साथ,
एक-एक लफ्ज़ आंखों में यूँ तैरता है
कि तुमसे मिल रहा हूँ मैं ,
उनकी लिखावट है ऐसी
तुम्हें फिर छू रहा हूँ मैं ,
इन पन्नों में वही एक मीठी खुशबू
जैसे पास से गुज़री हो तुम ,
कुछ आड़े तिरछे हर्फ़ मुझको ताकते हैं
तुम हो कि मदहोश आँखों से मुझको देखती हो।
मगर ये तंज़ करते हैं
कि तुम कुछ कह रही हो ,
मगर ये बोलते नहीं हैं,जिद्दी हैं,
ये तुम और तुम्हारी बातें
और कुछ लफ्ज़ फीके हो चुके हैं
ये किनारे वाले ,वक़्त के साथ
इनकी स्याही में वो तासीर न रही,
या शायद हम आश्ना न रहे ।
-अमन वर्मा "अमन"
