रंग है ये शान का रंग है ये आन का

वीरों के मान का देश के अभिमान का

रंग है बखान का प्राणों के दान का

सीमा पर जो मर मिटे उनके बलिदान का


रंग है ललकार का शत्रु पर वार का

शेरों से जा भिड़े जो उनके हुंकार का

रंग है ये आस का मन के विश्वास का

दुष्टों को ताड़ दे उस शुभ के आभास का


रंग है प्रताप का रंग है सुभाष का

तिलक का रंग है और रंग है आज़ाद का

रंग है कमान का वीरों के बाण का

आश्रित कभी न हो उस सत्य के प्रमाण का


रंग है ये राम का रंग है ये श्याम का

रंग है हनुमान का गीता के ज्ञान का

रंग है मृदंग का रंग है बसंत का

मन्त्रों के जाप का रंग है प्रताप का


रंग है अबोध का रंग है सुबोध का

साधु के योग का देवों के भोग का

रंग है अवाम का रंग है प्रधान का

रंग है मकान का रंग है दुकान का


पगड़ी का रंग है ये साड़ी का रंग है

दुष्टों का नाश करे जो नारी का रंग है

गौरव का रंग है ये सौरभ का रंग है

पांडव का रंग है ये तांडव का रंग है


रंग है ये न्याय का धर्म के पर्याय का

डिगा नहीं जो कभी उस वीर के समुदाय का

रंग है प्रभाव का दया के भाव का

धर्म या अधर्म है उसके चुनाव का