पहला प्रयास (First Attempt)
हे मनुज न हो इतना उदास, सबका होता पहला प्रयास,
पहला प्रयास तो झेल लिया,रण में जाकर तो खेल लिया,
थोड़ा-सा दर्द तो पायेगा,
अग्नि को हाथ लगाएगा।
सब कुछ जब हाथ से छूटेगा, जब पेड़ से पत्ता टूटेगा,
जब पतझड़ आकर जायेगा, हरियाली तब ही पायेगा,
दुःख सारे ही मुस्कायेंगे,
सुख आकर गले लगायेंगे।
पानी की धार में बहता है,हाथों की मार को सहता है,
पहले छनता फिर तनता है, तब आटा रोटी बनता है ,
संघर्ष सफल जब होता है,
चंदन-सी खुशबू देता है।
जब पत्थर खोदा जाता है,जब लोहा अंदर जाता है,
जब मिट्टी बाहर आती है, अपनी पीड़ा बतलाती है,
तब पानी बाहर आता है,
और सबकी प्यास बुझाता है।
अपने बल को पहचानो तुम,कुछ तो है भीतर मानो तुम,
सम्मान नहीं सब लेते हैं, कीड़े भी रेशम देते हैं,
धीरज ऐसे न खोते हैं,
उद्देश्य बड़े जब होते हैं ।
धरती के नेता तुम ही हो, हाँ विश्व विजेता तुम ही हो,
सोया विश्वास जगाया है,खोकर भी सब कुछ पाया है,
ये देख चुका जग सारा है,
सारा संसार तुम्हारा है।
उठ जाओ फिर से जागो तुम, आलस जितना है त्यागो तुम
कश्ती को फिर से ले जाओ,लहरो के सिर पर चढ़ जाओ
ख़ुद अपनी प्यास बढ़ाओ तुम,
जाओ इतिहास बनाओ तुम।

