कभी नाराज़ आँखों में ये सुर्ख़ी सा झलकता है
कभी मजबूर आँखों में ये दिल के ज़ख़्म ढकता है
कभी ग़मगीन आँखों से ये आसूँ बन टपकता है
कभी बनकर लहू ये जिस्म के अंदर भटकता है
कभी ये सब के जिस्मों पे पसीना बन के बहता है
कभी रिंदों के होटों पर सकीना बन के बहता है
कभी प्यासोंं की दुनिया में हसीना बन के बहता है
कभी सहरा के सीने पर दफ़ीना बन के बहता है
कभी बनता है ये झीलें तो लगता दिल-नशींनों सा
कभी ये बन के दरिया है मटकता मह-जबींनों सा
कभी सूखी ज़मीनों पर बरसता नाज़नीनों सा
कभी बहता करीने से तो लगता है ज़हीनों सा
कभी ये सर समंदर के किनारों पर पटकता है
कभी नदियों, बियाबानों में जंगल में भटकता है
कभी ये ओस बन कर के दरख़्तों से टपकता है
कभी ये बर्फ़ बन कर कोहसारोँ पर चमकता है
कभी ये बन के दरिया बादशाहों सा निकलता है
कभी खेतों के सीने पर दिवानों सा टहलता है
कभी बन कर के ये सैलाब ख़ुशियों को निगलता है
कभी ये जिस्म की गहराइयों में जा के जलता है
कभी कोहरे की चादर सा हवाओं में ये दिखता है
कभी ये रोशनाई बन के दिल की बात लिखता है
कभी पत्थर ज़मीनों से ये अपने आप रिसता है
कभी ये बोतलों में बंद बाज़ारों में बिकता है
कभी ये धुंध फैली साफ़ करता आसमानों की
कभी घर की कभी करता सफ़ाई है दुकानों की
कभी गर्मी में करता है मदद ये बे-ज़बानों की
कभी बर्बाद कर देता है ये फ़स्लें किसानों की
कभी मिट्टी में मिल कर ये बनाता शक्ल मटकी की
कभी आटे में मिलता है बनाता शक्ल रोटी की
कभी ये वजह बन जाता है इस्कूलों में छुट्टी की
कभी चलता है घोड़े सा कभी है चाल चींटी की
यही रखता तारो ताज़ा है पत्तों और फूलों को
यही करता है तय पौधों के उगने के उसूलों को
यही मिट्टी में नीमों और उगाता है बबूलों को
यही बारिश में ले के आता है सावन के झूलों को
अजूबों की तरह ये नारियल के दिल में रहता है
मुलेठी की जड़ों में ये दवा बन कर के बहता है
फलों, फूलों की खुशबू में ये मिल कर के महकता है
यही पेड़ों के पत्तों को तपिश में सब्ज़ रखता है
कभी बनता है ये ओला कभी बनता ये बादल है
इसी से होती कीचड़ है इसी से बनती दलदल है
इसी के दम से दरिया है इसी के दम से जंगल है
जमीं पर हर तरफ़ फैला इसी का नीला आँचल है
कभी दिलचस्प झरना है कभी आँखों का पानी है
दरख़्तों का हर इक पत्ता इसी के दम से धानी है
ज़माने में हर इक क़ायम इसी से ज़िंदगानी है
इसी पानी से सब कुछ है इसी से हर कहानी है

