हर एक साँस में मेरी समाया तू क्या है
ख़बर ही मुझ को नही है कि चार-सू क्या है
हर एक साँस तेरा ज़िक्र कर के चलती है
तुझे ये कैसे बताऊँ कि मेरा तू क्या है
तमाम जिस्म बग़ावत पे है उतर आया
हमारी आँख से टपका जो ये लहू क्या है
मैं आ के रोज़ गुज़रता हूँ तेरी गलियों से
कभी तो पूछ मेरे दिल की आरज़ू क्या है
इस एक बात पे सब मुझ से हैं जले बैठे
ज़रा सी तुम से हुई मेरी गुफ़्तगू क्या है
मैं तेरे इश्क़ में यारों की नफरतें सह लूँ
तेरा सवाल हो फिर नफ़रत-ए-'अदू क्या है

