सब ये पैदा किए क़ुदरत ने निराले पत्थर

लाल,पीले हैं कहीं रंग में काले पत्थर


लोग हर दौर में आएँगे निकाले पत्थर

आज लोगों पे यहाँ तू भी उठा ले पत्थर


अपने सीने पे लिखे बैठे हैं इतिहास कई

गुज़री यादों को क़रीने से सँभाले पत्थर


किस लगन से है तराशा इन्हें नक़्क़ाशों ने

बोल ही देंगे लगे हाथ से ढाले पत्थर


कल जो कहता था तुम्हें सब से बचा लेंगे हम

पहले उस ने ही मेरी ओर उछाले पत्थर


लोग ज़ख़्मों पे छिड़कते हैं नमक हँस, हँस के

हम ने देखे हैं यहाँ बोलने वाले पत्थर


पत्थरों से ही बना है ये हसीं ताजमहल

बन गए प्यार की यादों के उजाले पत्थर


आज हर ज़ख़्म-ए-जिगर मुझ से यही कहता है

फिर वही ढूँढ के सीने से लगा ले पत्थर