मत दिखाओ हौसले तूफ़ाँ गुज़र जाने के बाद

मर गया है आदमी दुनिया में डर जाने के बाद


वक़्त से तोहफ़े में मैं ने तजरबा पाया नहीं

ज़िन्दगी को जान पाया हूँ बिखर जाने के बाद


दुश्मनों से जंग में मुमकिन है बच जाएँ मगर

बच नहीं सकते हैं हम उम्मीद मर जाने के बाद


काश ! आ जाए मुझे आँसू छुपाने का हुनर

दर्द हो जाता है ज़ाहिर आँख भर जाने के बाद


धीरे धीरे बन गया इक अजनबी से आश्ना

वो मेरे दिल के नशेमन में ठहर जाने के बाद


आबरू, उलफ़त, वफ़ा, ख़ुशियाँ, त'अल्लुक़, दोस्ती

कुछ नहीं बचता है नज़रों से उतर जाने के बाद