उन दृष्टियों में तैरती हैं  कितनी आकाशगंगाएं,जागते हैं

उनमें असंख्य तारक दलों की कोमल रश्मियों के भाग


उन अधरों की कंपित स्वर लहरियों में डोलते हैं

जीवन  के  न जाने  कितने  विकल राग


उन स्वरों के मादक माधुर्य में छलकता हो जैसे,

किसी अपरिचित के लिए छिपा हुआ गहन अनुराग


आहट से उनकी,किसी गहन निविड़ तम  में सोए हुए,बुझते हुए

सहस्रों दीप जैसे अकस्मात नयी ज्योति लेकर उठे हो जाग


जैसे किसी प्रिय परिचित अतिथि के अकस्मात आगमन की

पूर्व सूचना देने आ गया हो, मुंडेर पर बैठा हुआ कोई काग


जैसे किसी पुराने उपेक्षित वाद्य के, टूटे हुए तारों को

छेड़ने से भी बज उठा  हो  कोई नया मधुर राग


जैसे किसी टूटे हुए वृक्ष को छोड़कर,नए नीड़ की खोज में

उड़ चले हो एक साथ न जाने कितने विहाग


जैसे अगस्त के चिपचिपे से मौसम में

छेड़ दिया हो किसी ने फागुन का मादक फाग


जैसे धुल गई हो वातावरण में चतुर्दिक सुगंध

किसी ने घोल दिए हो हवा में असंख्य पुष्पों के पराग