इक अजब सा नया दर्द सीने में उभर आया है

वो दर्द जिससे मैं वाक़िफ भी हूं और अंजान भी


ज़िन्दगी तुझे ढंग से जी न पाए तो क्या  गिला

जमा ही करते रह गए उम्र भर,जीने के सामान भी


जो उजाड़ पड़ा था मुद्दतों से, आबाद हुआ है

कोई  तो हुआ है उस वीराने घर में मेहमान भी


ज़मीं भी रहती है इन दिनों पता नहीं क्यों नाराज़ मुझसे

इन दिनों ख़फ़ा है जाने क्यों मुझसे आसमान भी


मैं अपने वजूद पे कई बार पशेमां सा हो जाता हूं

कई बार होता है मुझको अपने वजूद पे गुमान भी


कई बार उसने मुझे आजमाया मगर कहता है वो

कि बाकी हैं अभी तुम्हारे और कितने इम्तिहान भी


उसमें अपना दर्द सहने का सब्र तो गजब का है मगर कभी-कभी हो जाता है वो मेरे ज़रा से दर्द से परेशान भी


जो जाता है परदेस इन घरों से, लौटकर वापस नहीं आता है

अब तो खाली हैं इस बस्ती में न जाने कितने मकान भी


इक बार जो निकले घर से तो उम्र भर  के लिए मेहमां हो गए

ख़त्म  सी गयी है अब तो अपनी जड़ों से अपनी पहचान भी