दृष्टि के पार क्या है छिपा
भला कौन जानता है?
काल की वक्र गति
भला कौन पहचानता है ?
जीवन कभी भी थम सकता है
जानते हैं सब
पर भला कब कौन मानता है?
आस्थाएं आम जन की
प्रत्यक्ष सत्य से भी बड़ी होती हैं
जग समझता जिनको निर्बल
विश्वास कितनी बार
उनका ही अखंडित होता है।
जिन पथों पर चल रहे थे
खास लोग और सबल
वो पथ थे कितने खाली-खाली
कितने सूने-सूने,
जिन पथों पर चल रहे थे आम जन
वो पथ थे कितने भीड़ भरे
कितने भरे-भरे
उन्ही पथों पर चलते हुए भगदड़ में
लोग कितने गए कुचले कितने मरे।
टूटी आस्थाएं
खंडित विश्वास लिए
जब आंख उनकी रोती है
जागनी चाहिए जो आंखें
तब भी वो सोती हैं
तब भी नहीं खुलते उनके लिए
उन खाली खाली पथों के द्वार
वेदनाएं उनकी तब भी
कहीं
नेपथ्य में ही खड़ी होती है।