इन दिनों समूचे वातावरण में

एक अजीब तरह की गंध भरी हुई है

ऐसा लगता है कहीं

अधखिले फूल, नन्हीं कलियों को

डालियों से तोड़कर

कुछ निर्मम हाथ

कुचलकर, मसलकर जला रहे हैं।


उनके जलने की गंध ऐसी है

जैसे कि कहीं इधर-उधर बिखरे

असंख्य शव जल रहे हों।

इस असहनीय गंध से

लोग अपने घरों में बैठे-बैठे भी

व्याकुल हो उठे हैं।


बहुत लोगों से

जब यह असहनीय गंध

सहन नहीं हुई

तो वो सड़कों पर उतर आए हैं

और मुठ्ठियां बांधे समवेत स्वरों में

मांग कर रहे हैं कि,

बस अब

बहुत हुआ।

अब अधखिले पुष्पों और

नन्हीं कलियों को नोंचकर

उनके शवों को जलाना बंद करो,

जो ऐसा करते हैं

उन्हें कठोर दण्ड दो।


उनका समवेत स्वर एक अर्थपूर्ण

कोलाहल में बदल गया है,

बहुत कम ऐसा होता है कि

सड़कों पर हो रहे

इस कोलाहल से

कुछ अर्थपूर्ण सुना जा सके।


पर अच्छा ये है कि

भीड़ में साथ चलते हुए लोग

एक-दूसरे का प्रदेश-धर्म- नगर-जाति

नहीं पूछ रहे हैं।

उनकी आवाज़ों को नकारना

शायद संभव नहीं है।


ये दृश्य देखकर

लौह द्वारों वाले

अभेद्य

प्रासाद सरीखे घरों में रहने वाले

थोड़े व्याकुल हैं।