स्मरण करो भली भांति कि

कब उतरा था

पिछली बार-

तुम्हारे आंगन में वसंत

तुम्हारे नैनों में वसंत

तुम्हारे गीतों में वसंत

तुम्हारी कामनाओं में वसंत

तुम्हारी भावनाओं में वसंत


स्मरण करो कि

कब पिछली बार

फाल्गुनी हवाओं से

बहक गए थे तुम्हारे पग

बहके थे तुम्हारे नयन

बहका था तुम्हारा मन

बहकी थी तुम्हारे हृदय की धड़कन


नहीं कर पाए स्मरण

पतझर के सिवा कुछ भी

तो इस बार

कर लेना कुछ ऐसा कि

रह जाए स्मरण सदा के लिए


तुम्हारे लिए हो रहा है

वसंत का पुनर्आगमन