उन हाथों की तबले पर
एक थाप में
बसते थे कितने स्वर
और एक ताल में
समाये रहते कितने सुर।
उन अधरों पर रहती थी सदा विद्यमान
एक मृदु स्मित
उस जीवन में एक निर्मलता।
जो आया है यहां
टूटते हैं उन सभी की सांसों के स्वर,
पर विरले ही ऐसे होते हैं
जो नश्वर होकर भी रह जाते हैं अमर।
जीवन उनका ऐसा जैसे
समय के सागर के अविरल प्रवाह में
करोड़ों लहरों में से कोई एक लहर
गई हो सदा के लिए ठहर।
अंकित स्मृतियों में रह जाएगी
उन हाथों की तबले पर चपल गति
गूंजते रहेंगे सदा उन थापों के स्वर