क्यों लौटना चाहती है किनारे पर, लहरों पर डोलती हर इक नाव

क्यों तट से छूटने को विकल है, तट पर बंधी हर इक नाव


क्यों किनारे चाहते हैं , मिल जाएं सागर में वो भी

क्यों सागर की मचलती लहरें, छूने को हैं विकल

ठहरे हुए किनारों के पांव


क्यों हर नदी चाहती है, स्वेच्छा से सागर में समाना

क्यों खारे सागर को, इन नदियों से नहीं कोई लगाव


क्यों नगर को भाती है,गांव के खेतों की हरियाली

क्यों नगर बनने को व्याकुल है, जैसे हर एक गांव


क्यों भागना चाहते हैं कहीं न कहीं, ठहरे हुए लोग

क्यों हर भागते हुए की कामना,मिल जाए कुछ पलों का ठहराव


क्यों सामीप्य में, बढ़ती जा रही हैं दूरिया इतनी

क्यों साथ रहकर भी, है लोगों के मध्य इतना

अलगाव 


क्यों भागता जा रहा है,द्रुत गति से असत्य पथ पर

क्यों असहाय सा पड़ा है नेपथ्य में, सत्य लेकर अपने टूटे हुए पांव