मैं चाहता हूं--

किसी की कथा बनना,

किसी की कहानी का एक पात्र बनना,

किसी की कविता का एक शब्द-

एक हिस्सा बन जाना,

किसी के गीत का एक राग-एक सुर-एक स्वर

और उसके गीत की आत्मा का माधुर्य बन जाना,

किसी की कल्पना का एक अंश,

किसी की यात्रा का एक क्षणिक पड़ाव,

किसी की थोड़ी सी मधुर व्यथा,

किसी की स्मृति का एक अभिन्न अंग,

किसी के हृदय का अप्रकट भाव,

किसी के अंतर की अपूर्ण अभिलाषा,

बन जाना।


मैं चाहता हूं थोड़ा-थोड़ा

बहुत सी जगहों पर रह जाना।