कई बार सब कुछ होते हुए भी इक अजब सा एहसास,एक अजब सी बेचैनी सी होती है।ऐसा लगता है कि कहीं कुछ अधूरा सा है,चल रहें हैं मगर कहीं पहुंच ही नहीं रहे हैं। सफलता की चाह में हम जो थे वो नहीं रहे।अपना बदलना हमें बेचैन कर देता है। अपनी नये सिरे से खोज के लिए, अपनी विकलता अपनी छटपटाहट से मुक्ति के लिए हमें चाहिए होता है एक विराम और अपने परिवेश से कुछ दिनों की मुक्ति। एक कलाकार शायद इन बातों से ज़्यादा जूझता है शायद इसीलिए अरिजीत सिंह ने पार्श्व गायन से संन्यास लेने का निर्णय लिया हो।

अपनी कल्पना से लिखा है।



तुम्हें क्या बताऊं कि ये फैसला क्यूं लिया,लग रहा था मुझे

कि सफर में जैसे थम गए हैं पांव,रुक गई है जैसे हयात


मैं चल रहा हूं मगर कहीं पहुंचता ही नहीं,मेरा सफ़र ख़त्म होता ही नहीं,मंज़िलो को छूकर लौट आते हैं मेरे हाथ


जिस लिए आया था मैं यहां,अब यहां न रही वो पहले सी बात

रूह को सुकून नहीं यहां,दिल की बस्ती के भी है अजब से हालात


मुझे लगा कि मैं जो हूं, उस ख़ुद से बहुत दूर हो चला हूं मैं

मुझे लगा कि मुझको करनी पड़ेगी,ख़ुद से ही नयी मुलाक़ात


लग रहा था मुझको कि मैं रोज़ ही बस दोहरा रहा हूं ख़ुद को

नहीं कर रहा हूं कोई नयी बात,मेरे नगमों में उभरते एक जैसे जज़्बात


यही सोच के सोचा के वक़्त आ गया है कि अब मैं ठहरकर तसल्ली से

कर लूं, ख़ुद की नये सिरे से जुस्तजू,कर लूं ख़ुद से इक लम्बी सी मुलाक़ात