आज किसी से बात करते हुए
तुम्हारे नाम का ज़िक्र आया
मैंने उससे तुम्हारे बारे में पूछा
और तुम्हारा फोन नंबर ले लिया
अपने उत्साह के अतिरेक में
मैंने तुम्हारा नंबर मिला भी लिया ,
तुमने फोन पहली बार में उठा भी लिया
इतने वर्षों बाद भी मैंने
तुम्हारी आवाज़ पहचान ली ,
तुमने भी
परिचय देने के बाद
मुझे पहचान लिया
कुछ औपचारिक बातों के बाद
परिवार की बात चलने पर
तुम्हारी आवाज़ में
कुछ असहजता आ गई
फिर तुमने
और आल इज़ वेल पूछ कर
फोन रख दिया।
मैंने जिससे तुम्हारा नंबर लिया था
उससे वापस तुम्हारे बारे में पूछा
तब तुम्हारे आवाज़ की उदासी और
तुम्हारे दुख का कारण समझ में आया।
मुझे लगा कि
शायद जिस लड़की की
पच्चीस वर्षों पुरानी स्मृति
मेरे मन में बसी हुई है
वह लड़की थी जीवन से भरपूर
निर्भय ,स्वच्छंद, उन्मुक्त
न जाने कितने सपने लिए हुए
ऐसी लड़की
जो हर वक्त
किसी चिड़िया की तरह चहचहाती थी
जो किसी भरे पूरे पेड़ की तरह लहलहाती रहती थी।
मुझे याद है
हम मजा़क में
तुम्हें दीदी कहा करते थे
तुम भी मज़ाक में
दीदी बन जाया करती थी।
मुझे लगा कि
शायद मेरी स्मृतियों में जो लड़की बसी थी
बीते समय में
जीवन ने
उसका बहुत कुछ ले लिया
बहुत कुछ छीन लिया है और
वो वैसी नहीं रही।
शायद मैंने
अपनी ठहरी हुई स्मृतियों में
जिस लड़की से बात करनी चाही थी
वो चहचहाती हुई लड़की तो
कहीं खो गई थी
उसके अंश मात्र अवशेष भी
हैं उसमें शेष है या नहीं
मुझे नहीं पता
पर मैं थोड़ा उदास हूं।
वर्षों बाद किसी से मिलने पर
समय के साथ उसका बदला हुआ चेहरा
जब हमारी ठहरी हुई स्मृति में बसे
उसके पुराने चेहरे से
मेल नहीं खाता
तो पता नहीं क्यों
हमें गहरी निराशा होती है
मानस पटल पर अंकित छवि से
यह मेल न खाना
कहीं हमें उदास कर देता है,
हम भूल जाते हैं कि
बीतते हुए समय ने
हमें स्वयं ही कितना बदल डाला है