एकतरफा प्यार में

किसी ने किसी को जला दिया

किसी ने किसी का गला रेत दिया

किसी के चेहरे पर एसिड फेंक दिया

कितनी भ्रामक हैं अखबारों की ये सुर्खियां ।

प्यार अगर है, एकतरफा हो या दोतरफा

मात्र प्यार ही रहता है,

स्वयं जीवन भर जल सकता है

पर जलाने,गला रेतने ,एसिड फेंकने की तो कल्पना भी नहीं कर सकता

वहशीपन ,अमानवीयता को एकतरफा़ प्यार कहना भी

प्रेम को अपमानित करने जैसा है ।


2.खंडित विश्वास है निर्मल प्रीत का

घोंट दिया तुमने गला उसका

जो लड़कर आयी थी सब जग से,

साथ तुम्हारे रहने की आस लिए,उसको

पर,

कितने टुकड़ों में, कितनी निर्ममता से,

कितनी सहजता से काटा तुमने।

उसी मृत देह के टुकड़ों को

ठूंसकर अपने फ्रिज में ,

तुम मनाते रहे

जैसे हर दिन एक उत्सव

अपराध तुम्हारा जघन्य है

अपराध तुम्हारा अक्षम्य है

कोई भी दंड नहीं है पर्याप्त इसके लिए

क्योंकि यह मात्र एक सामान्य हत्या नहीं है


प्यार से विश्वास उठने की असामान्य दुखद घटना है।