क्या तुमने कभी सोचा है कि
अगर इंद्रधनुष
श्वेत होता तो क्या होता
तब भी तो समाये रहता
अपने अंतर में वो
वो सारे रंग
जिनसे बनता है इंद्रधनुष सतरंगी

पर क्या तब भी हम
इंद्रधनुष पर गीत गाते
शायद नहीं क्योंकि
जो प्रत्यक्ष है
गीत उसी के गाये जाते हैं
उसी की प्रशंसा होती है

जो भीतर है किसी के
चाहे इंद्रधनुष हो या कोई व्यक्ति
उसको जानने में समय लगता है
और इतना समय किसके पास है कि
झांककर देखे किसी के भीतर
कि
कितने रंग है उसके अंदर

पर कुछ लोग झांक ही लेते हैं
श्वेत इंद्रधनुष की आत्मा में भी और
देख लेते हैं उसके रंग