मैंने देखे स्वप्न गहरे सागरों के, अनंत महासागरों के

जब मेरे आस पास कहीं छिछले पोखर भी न थे


मैंने कल्पना की उस समय भी बरसते हुए मेघों की

जब मैं चल रहा था तपते हुए रेगिस्तानों में कहीं नंगे पांव


मैं करता रहा कल्पनाएं गगन छूते पर्वत शिखरों की

जब मैं पड़ा था धरती पर कहीं बहुत ही नीचे गर्त मे


मैंने कल्पना की गंतव्य पर पहुंचने की

जब मैं भटका हुआ था,

मेरे सम्मुख मार्ग भी न थे चलने के लिए


मैंने अपनी कल्पनाओं में जीवित रखा प्यार

जब चतुर्दिक घृणा के कोलाहलों ने

ढक लिया था प्यार के क्षीण स्वरों को


मैं कल्पना करता रहा सुदूर यात्राओं की उस समय भी आ

जब मेरे पांव न जाने कितने बंधनो में जकड़े हुए थे


मैंने कल्पना की स्नेहिल स्पर्शों की उस समय भी

जब मैं जूझ रहा था न जाने कितनी कठोरताओं से


मैंने जीवित रखे अपने विश्वास तब भी जब मैं झेल रहा था अपनी पीठ पर खंजरों के छुपे हुए वार


मैंने बचाई रखी अपनी संवेदनाएं तब भी,जब मेरे पांवों में कांटे चुभ रहे थे, मेरे भीतर मरुस्थल उग रहे थे