मस्तिष्क पर निरंतर
सूचनाओं के हथौड़ों के
कठोर आघात
सत्य क्या ?असत्य क्या?
अब ये किसे है ज्ञात
वो सब लोग चिल्ला-चिल्लाकर
दिन को बताते हैं रात और
रात के गहन अंधेरों को भी
बताते हैं सुनहरा प्रभात
कोलाहल के पांव तले
कुचल कर रख देते हैं
धीमे स्वरों में कही गई
हर अर्थपूर्ण बात
उजाड़ कर बस्तियां
जलाकर, तोड़कर घर
करते हैं बस्तियां बसाने और
टूटे हुए घर बनाने की बात