हम पुरुषों ने गढ़ी सारी शुचिताएं
देह की सारी पवित्रताएं
ऐ स्त्रियों तुम्हारे लिए
देह को इतना पवित्र बना दिया
कि मन और आत्मा कहीं
रह गये दबकर
भावनाएं रह गयी कहीं खोकर सिसकती
देह का पर्याय बना डाला तुम्हें
तुम्हारे ही लिए रची
हमने अधिकतर परंपराएं मान्यताएं
अधिकारों को रखा अपने हिस्से मेंं
कर्तव्यों का बोझ डाला तुम्हारे सर
स्वर रखे अपने पास
मौन रखे तुम्हारे हिस्से
स्वछंदता रखी अपने लिए
सारे बंधन रचे तुम्हारे लिए
घोषित किया शौर्य ,साहस का प्रतीक स्वयं को
और तुम्हें घोषित किया अबला और कोमल
तुम्हारे पांवों में पहनायी पाबंदी की पायल
मुख पर डाला घूंघट और नकाब
तुम्हें बनाया इज्ज़त, आबरू का प्रतीक
अपने बने उसके पहरेदार
घर बनाया तो रखा घर की चौखट के
अंदर का हिस्सा तुम्हारे लिए
बाहर सुरक्षित रखा अपने लिए
बहुत कुछ ऐसा रचा हम पुरुषों ने
अपनी सुविधानुसार
जो तुम्हे रखे सीमित
उन्ही घर की चौखटों, चारदीवारियों तक सीमित तुम्हारी अकुलाहटों ने छटपटाहटों ने
कई बंधन तोड़े ,तोड़ी कई परंपराएं
और न जाने कितने ही मिथ ढहाए
पार की कितनी ही चारदीवारियां
बदलते वक्त की कितनी बेचैनियां हैं
कितनी छटपटाहटें
इस बदलते समय मेंं भी
हम पुरुष कहीं रह जाते हैं पीछे
कठिन हो जाता है स्वीकारना कि
स्थापित मूल्य बदल रहें हैं ,रुढ़ियां टूट रहीं हैं
परंपराएं बदल रही हैं
हम साथ साथ चल रहे हैं
जो स्वप्न हमने रखे थे सुरक्षित
बस अपने ही लिए ही
वो अब तुम्हारी आंखों मेंं भी पल रहे हैं
हमें भी बदलना है संभवतः और तेजी से
स्वीकारना है, स्वीकारना पड़ेगा
बहुत कुछ ऐसा
जिसकी आदत नहीं है हमें आजतक
न समाज हमें सिखा पाया
न शायद अधिकतर माएं हमारी
सिखा पायीं तुम्हें बराबरी का हक देना
क्योंकि न उन्हें किसी ने
बराबरी का दर्जा दिया था
न उन्होंने कभी स्वयं को
बराबरी लायक समझा
वो भी मानती रहीं
आदमियों की श्रेष्ठता को निर्विवाद सत्य
कभी इसे चुनौती देने का खयाल भी
उनके मन में नहीं आया
पर अब भी ये जिम्मेदारी उन मांओं की है
जो तरसती रही उम्र भर अपने हक के लिए
पर अब दे सकती हैं
गर कुछ और नहीं तो
अपनी बेटियों को
हक के लिए लड़ने का माद्दा
अपने बेटों को ये सीख कि
बहन उनकी है नहीं किसी बात मेंं उनसे कमतर
जिम्मेदारी है उन पिताओं पर
जो अपनी बेटियों के सपनों को
पंख लगा देखना चाहते हैं
और हैं खड़े
उनके पीछे मजबूती से
वक्त बदल रहा है
पर अभी और बहुत वक्त लगेगा
उतना बदलने में
जितने की उम्मीद तुम्हें है।
०8.०3.2021