पुरानी जगहों के रास्तों की स्मृतियां

बसी होती हैं हमारे मन में

रास्तों के प्रतीक चिन्ह अंकित होते हैं

हमारे अवचेतन में कहीं


जब वर्षों बाद

हम लौटते हैं उन जगहों पर

और उन रास्तों पर

तो उन्हीं प्रतीक चिन्हों के सहारे

जब कभी

पैदल चलते हुए

पहुंचना चाहते हैं उन जगहों पर और

जब वे रास्ते मेल नहीं खाते हैं

हमारी स्मृतियों से

तो कई बार हमें आशंका होती है कि

कहीं हम गलत रास्ते पर तो नहीं चल रहे हैं


गंतव्य तक पहुंचने पर हमें लगता है कि

जगहें तो शायद उतनी नहीं बदलीं

पर रास्ते पूरी तरह बदल गए हैं

कई बार स्मृतियों और यथार्थ का बेमेल

हमें अच्छा नहीं लगता


ऐसे ही

किसी मित्र, किसी व्यक्ति की स्मृतियां

अंकित होती है हमारे मानस में


वर्षों बाद जब हम मिलते हैं उससे

तो शायद देखना चाहते हैं उसे

वैसे ही

जैसे वो अंकित है

हमारी स्मृतियों में

पर प्रायः ऐसा होता है कि

वो बदले हुए होते हैं गया 

पुराने रास्तों की तरह

और हमारी स्मृतियों में अंकित

उसके प्रतीक चिन्ह

मेल नहीं खाते उससे


कितनी ही बार

हमें इतनी निराशा होती है

इस बेमेल पर कि लगता है

अच्छा होता यदि हम न मिले होते

कम से कम शेष स्मृतियां तो सुखद होतीं