स्मृतियां कभी नष्ट नहीं होतीं,
दब जाती हैं वो,
हृदय की तलहटी में गहरे कहीं,
कभी उभरने,
या कभी भी
न उभरने के लिए।
बीता हुआ सब कुछ
भुला देना,
कहां सरल है
एक सामान्य मनुष्य के लिए,
सब कुछ भुला देने के लिए तो
बुद्ध होना पड़ता है।
बुद्ध होने से भी
बस इतना ही होता है कि
उन स्मृतियों में
बार-बार लौटने का,
कोई मोह नहीं रह जाता,
विगत की कोई वेदना
दंश नहीं देती,
कोई सुख, आनंद नहीं देता,
कोई दुःख, दुःख नहीं देता,
तब कोई अपना नहीं होता,
सभी अपने होते हैं,
कोई पराया नहीं होता,
और सब पराए होते हैं।
कोई मोह, कोई बंधन
बांधता नहीं,
कोई आसक्ति जागती नहीं,
छूटे हुए पथों पर
पांव वैसे तो लौटते नहीं,
यदि लौटते भी हैं तो,
कोई मोह जागता ही नहीं,
कोई स्मृति उभरती नहीं,
लगता है उस पथ पर
चल रहे हैं पहली बार
सब है नितांत अपरिचित।