दहला देने वाली अमानवीय यातनाओं के ,
युद्ध की विभीषिकाओं के ,
जीवन में व्याप्त विषमताओं के ,
जग में व्याप्त असमानताओं,
भेदभाव ,अत्याचारों ,
अनाचारों के दृश्य ,उनकी खबरें,
यदि थोड़े सी भी संवेदना ,दया ,
करुणा जगाते हैं तुम्हारे भीतर
तो समझना, शेष है जीवन तुम्हारे भीतर
अब भी धड़कता है तुम्हारा हृदय ।
यदि मिलती हैं तुम्हारी आंखें किसी से
और कर लेते हो तुम मौन संवाद ,
तो समझना अब भी है प्रेम तुम्हारे भीतर ,
अब भी अपार संभावनाएं शेष है ,
बदल सकते हो तुम बहुत कुछ
अगर चाहो तो।