अब दुःख बांटना तो दूर
हमने तो छोड़ दी हैं
व्यक्त करनी संवेदनाएं भी
एक दूसरे के दुःखों में
अपने पड़ोसियों के दुःखों में।
यही नहीं हमने
दूसरों के दुःखों से
एक अजीब किस्म का
आनंद लेना भी सीख लिया है।
कितनी ही बार तो
हमें पता भी नहीं होता
हमारा पड़ोसी कौन है और वो
कितने गहरे दुःख और
कितनी पीड़ा से गुज़र रहा है।
ऐसा भी होता है कि
वो किसी
गहरे दुःख से गुज़र रहा हो और
वो छुपे हुए उत्सव मना रहे हों।
हम निर्मम-नृशंस हत्याओं से भी
दुखी नहीं होते,
बलात्कारों से आहत नहीं होते
प्रतिक्रियाएं देने के पहले सोचते हैं
जो मरा वो कौन था
मारने वाला कौन था
दोनों के जाति, धर्म,
गांव ,शहर, प्रदेश क्या थे
जिसके साथ बलात्कार हुआ
वो कौन थी
उसका गांव, नगर
प्रदेश क्या है
जिसने बलात्कार किया
(यदि हमें पता है किसी चीखते हुए स्रोत से)
उसका जाति, धर्म क्या है।
जिस राज्य में अपराध हुआ
उसमें किसकी सरकार है
फिर गढ़ते हैं हम अपने मन में
कितनी ही मनगढ़ंत कहानियां
विभिन्न स्रोतों से
हवा में फैली हुई
जानकारियों के हिसाब से
और करते हैं समीक्षा
ठीक उसी तरह
जैसी की हमसे
आशा की जाती है।
टीवी चैनल चीख चीखकर
ख़बर दिखाते हैं उस तरह
जिस तरह उन्हें,
दिखाना होता है
बहसें करते हैं
वही चिर-परिचित चेहरे
चीखते हुए
जिनकी हास्यास्पद बहसों से
हमें ऊब और वितृष्णा होती है
पर फ़िर भी हम उन्हें सुनते हैं
क्योंकि कई बार
हमारे पास करने को
कुछ नहीं होता है।
गढ़े जाते हैं हवाई सत्य और
तैरा दिये जाते हैं
हवा में इधर-उधर ताकि
हम सांस के साथ
उनको भी
स
मा लें अपने भीतर।
जीते रहे लेकर वही और
उनमें भरी छिपी हुई घृणाएं।