शाख से टूटे हुए कुछ पीले पत्ते
बिखरे पड़े हैं यहां-वहां
काली कोलतार की सड़क पर,
हर आते जाते हुए
लोगों के पैरों तले
वाहनों के टायरों के नीचे
कुचले जाते हुए।
हवा के झोंकों से
इधर-उधर उड़ते हुए
इन पत्तों की
दयनीय स्थिति देखकर
मेरे मन में
एक विचार आता है कि
अपने पेड़ों से बिछड़े हुए
इन पत्तों के जीवन में
क्या कुछ है शेष
अब भी?
या ये अपने जीवन की
अंतिम यातना भोगने को
अपनी शाखों से दूर
अभिशापित पड़े हैं।
क्या इन्हें अपने वृक्ष,
अपनी शाखों से बिछड़ जाने का
दुख नहीं होता होगा ?
क्या इन्हें
ये ज्ञात भी होगा कि
अब इनके लिए
कभी संभव नहीं होगा
अपने वृक्ष से
फ़िर से मिलना।
पर क्या बची रहती होगी
इनके मन में
कोई झूठी आस कि
शायद कभी किसी दिन
संभव होगा
उनको मिलना
अपनी शाखों से
जिस पर
उन्होंने कितने दिन बिताए थे,
कि कभी मिल पाएंगे वे
अपनी शाख के
उन साथी पत्तों से
जो जन्म से ही
रहे थे
हर आंधी-पानी में
ग्रीष्म,शीत, शिशिर
पतझर, वसंत में
उनके साथ।
क्या होगा उन्हें ज्ञात?