मेरे पास थे कुछ बिखरे शब्द
मैने उन शब्दों को समेटकर कुछ अर्थहीन गीत बनाए
गीत जो उपजे थे कुछ भ्रम जालों से,
कुछ कल्पनाओं के ताने बानों से ,कुछ निज दुख -सुख से।
कुछ औरों की व्यथाओं से
रख देता मैं उन शब्दों, उन गीतों को ऐसी एक जगह जहां भीड़ थीं कितनी ऐसे लाखों शब्दों और गीतों की
बस इस आशा में कि कुछ लोग पढ़ेंगें उन्हें
या मेरे भ्रमों से उपजी कल्पनाएं छुयेगीं किसी को, कुछ मनों की ,शायद बदल सके कुछ जीवनों को
कुछ गुणी,पारखी आलोचकों ने की मेरे अर्थहीन
गीतों की,
अरे नहीं उनसे झलकने वाले मेरे चरित्र की कितनी व्याख्याएं ,
तब जाकर मुझे समझ आया कि झूठ, फरेब ,मक्कारी ,काईयांपन के जो मकड़जाल मैने बुने
उन्हें उनकी पैनी निगाहों ने किस सहजता से
परत दर परत उधेड़ कर रख दिया
मैं घोर आत्मग्लानि और शोक से ग्रस्त हूं कि
इतनी आसानी से मेरे झूठ की, काईयांपन की पोल खुल गई
आखिर अब मैं अपना झोला अपनी गठरी उठाकर कहां जाऊंगा ,कौन से पथ चलूंगा
अपने कुत्सित उद्देश्यों की पूर्ति कैसे करूंगा
कैसे नये नितांत भोले भाले लोगों को छलूंगा
उन्हें अपने तथाकथित प्रेमजाल में फांसूगां
मैं वाकई परेशान हूं ,
मुझे इतने अपनेपन से ,
अपने आप छले जाने वाले भोले -भाले सरल लोग कहां मिलेंगें
फिर क्या कुछ ऐसा है जो नहीं कहा गया जो नहीं सुना गया
हम सब तो बस वही कही सुनी बातें ही दोहराते हैं क्या वापस सब कुछ फिर से दोहराना होगा
कोई और जहां बसाना होगा, कहीं और गाना होगा, कोई और ठिकाना होगा छलना होगा औरों को या स्वयं छले जाना होगा