सबसे कठिन काम मुझे लगता है

किसे ऐसे को दुख में ढांढ़स बंधाना

जिसका कोई अपना

अप्रत्याशित तरीके से अकस्मात खो गया हो

कभी लौटकर न आने के लिए।


ऐसे में नहीं सूझते

सांत्वना के एक भी शब्द

कोई क्या कहकर आखिर दिलासा दे,

क्या कहकर ढांढ़स बंधाए ।


कुछ नहीं कह पाता मैं ,

बस कसकर हाथ पकड़ लेता हूं

या गले से लगा लेता हूं ,

जितने आंसू उसकी आंखों से बहते हैं

वो बहा लेता है ,

जितने आंसू मेरी आंखों से बहते हैं

मैं भी बहा देता हूं।