एक रेखा खींची किसी ने
धरा पर
महीन, स्पष्ट , सुंदर ,
कुछ लोगों ने सराहा उसे
कुछ लोगों ने की आलोचना,
बिना जाने कि
रेखा खींची किसने है ,
पर ऐसे लोग नगण्य थे।
बहुत से लोग उसे देखकर
मुख फिराकर चले गए
वो प्रशंसा करना चाहते थे
पर की नहीं ,
क्योंकि उन्हें इस तरह
सार्वजनिक तौर पर
प्रशंसा की,
वह भी दूसरों की
करने की आदत नहीं थी।
बहुत से लोगों ने निर्विकार भाव से
उस रेखा को देखा
और कोई प्रतिक्रिया नहीं व्यक्त की
जैसा वह प्रायः करते थे
जो वर्षों से
उनके स्वभाव में शामिल हो गया था।
अधिकतर लोगों ने जानना चाहा
किसी भी
प्रतिक्रिया के पहले कि,
ये लकीर
आखि़र खींची किसने है क्योंकि
उनकी प्रशंसा या आलोचना ,
हमेशा इस बात पर निर्भर करती थी कि
ये कार्य किसने किया।
ये वो लोग थे
जो एक सीधी रेखा में भी
सौ त्रुटियां निकालेंगे,
जब उन्हें यह ज्ञात होगा कि
यह रेखा तो उसने खींची है
जिसका विरोध
उनके जीवन का एकमात्र लक्ष्य है ।
ये वहीं लोग हैं जो
एक टेढ़ी -मेढ़ी रेखा में भी
सौंदर्य देख लेंगे,
जब उन्हें ज्ञात होगा कि
ये रेखा उसने खींची है जिसकी
हर हाल में उन्हें प्रशंसा ही करनी है ,
न इनमें कोई सौंदर्य बोध है
ना उन्हें किसी बात की चिंता
कि उनकी प्रशंसा या आलोचना
सही है या ग़लत।