एक इतिहास का हो गया

अवसान आज ।


एक जीवन

जिसमें सब कुछ था सहज- सरल,

नहीं था कुछ भी कृत्रिम

या चकाचौंध भरा,

न कथन में, न जीवन में।


वो चला है

अपनी अंतिम यात्रा पर,

जो रहता था कोलाहलों से परे,

जो था सुंदर-संयत-सहज-सरल,

जीता रहा जीवन

अधरों पर मृदु हास  लिए।


जो

रचता रहा है इतिहास

जिसने

बदली कितनी दिशाएं

निर्मित की कितनी नवीन दिशाएं,

कितने स्वप्न स्वयं देखे

कितने स्वप्न हमको दिखाए।


किया कितने सपनों को साकार,

दिया हमें विचरने का नभ में

सबसे पहला अवसर,

स्वयं भी नापी नभ की ऊंचाई

धरा पर भी हमें दिया

चलने को क्या-क्या।

दिया

बहुत कुछ गौरव करने को,

अखिल विश्व में

गौरव और मान  पाया

क्या होती है  व्यापार में भी

नैतिक सरलता सहजता

सबको सिखलाया।


करुणा से भरा था हृदय जिसका

कौन कर सकता है

तुलना उस व्यक्तित्व की

जो अलग था सबसे,

जिसने तोड़े कितने मिथक

तोड़ी कितनी धारणाएं ,

काम इतने विशाल किये कि

अब कौन गिने और कौन गिनाए,

बदल दीं न जाने कितनी दिशाएं ।


जिसको हो

अपने विश्वास पर

हो अटूट विश्वास

वही रच सकते हैं

ऐसा इतिहास।