रंग रूप और परिधान

बस इसी पर जाता है हमारा ध्यान,

एक सर्वोच्च शिखर को छूने वाली

भोली लड़की की

उपलब्धियों को मापने के लिए भी

हमारे

बस यही रह गया है प्रतिमान।


कितना दुखद कि

उसे कहना पड़ा स्वयं कि

काश वो रह जाती

शिखर से थोड़ा सा नीचे ही,

स्वयं स्वीकारा कि इससे पूर्व

कभी उसके परिवार

उसके मित्रों, उसके शिक्षकों ने

उसके रुप उसके दिखने को लेकर

नहीं कराया कोई दुखद अनुभव।


अपने पैने नाखूनों से

किसी को भी

खरोंचने के लिए लोग तैयार बैठे हैं,

इसी आभासी दुनिया में

अपनी मोबाईल के की बोर्ड पर

अपनी नुकीली उंगलियां गड़ाए और

अपने पैने नाखूनों को घिसते हुए।


इतने पैने नाखून और पंजे कि

उनके प्रहार से लहूलुहान और

क्षतविक्षत हो जाए

किसी भी सामान्य जन का आत्मविश्वास,

फिर एक छोटी सी लड़की की

बिसात ही क्या है।


हम वही समाज हैं

जो हर समय अपनी संस्कृति की

सर्वोच्चता का ढोल पीटते रहते हैं

बेटी पढ़ाओ के बैनरों के साथ

सेल्फी लेकर

सोशल मीडिया पर पोस्ट कर

हजारों लाइक्स की आशा करते हैं।


हम वही लोग हैं जो

यत्र नार्यस्तु पूज्यंते रमंते तंत्र देवता: का उद्धरण

बड़े गर्व से दिया करते हैं

पर सच तो है यही कि

हमारे सारे नारे

खोखले और दिखावे के लिए हैं ,

हम और हमारा समाज अंदर से नहीं बदले

हम लड़कियों, स्त्रियों की उपलब्धियों का

आकलन करते समय भी

उनका चेहरा,उनका रुप

उनका पहनावा भुला नहीं पाते।