कभी -कभी जब हम लौटते हैं

छूटी हुई जगहों पर

छूटे हुए शहरों में तो खोजते हैं

अपनी स्मृतियों में जीवित

उन प्रतीक चिन्हों को

जिनसे हम

उन जगहों को पहचानते थे


जब मिलते हैं हम  उन लोगों से

जिनसे साथ था हमारा उस जगह

तब हम चाहते हैं कि

वो बिल्कुल वैसे ही हों

जैसे हैं बसे वो

हमारी स्मृतियों में


जब हमें नहीं मिलते वो प्रतीक चिन्ह

नहीं मिलते वो लोग पहले जैसे

जैसे बसे हैं हमारी स्मृतियों में

तब हमें होती है निराशा

उनका बदलना

पता नहीं क्यों

हमें स्वीकार्य नहीं होता जबकि

समय के प्रवाह में हम

स्वयं न जाने कितना बदल चुके होते हैं



कभी कभी उन जगहों में

हम आशा करते हैं

अकस्मात राहों में चलते हुए

उनसे मिलने की

जिन्हें हम

कल तक जानते भी नहीं थे

कल तक अपरिचित थे जिनसे

पर आज उनसे

एक अनाम परिचय है