सोचता हूं मैं
अज्ञात के प्रति उपजे आकर्षण से
उपजे
मोह या प्रेम के दंभ का क्या होगा
जब कोई थुलथुल शरीर ,खल्वाट सिर ,
मिचमिचाती आंखों पर मोटा चश्मा चढ़ाएं ,
कंपकंपाती उंगलियों, डगमगाते हुए पैरों से ,
अपने अधूरापन लिए,
अपनी कुंठाए ,लघुताएं, अपूर्णताएं,
समस्त मानवीय दुर्बलताएं लिए
अपनी वेदनाएं लिए
किसी के समक्ष प्रस्तुत होकर
अपने टूटे स्वर में कहेगा कि
लो
मैं तुम्हारी कोमल कल्पनाओं का
कठोर खुरदुरा सत्य हूं।
क्या तब भी शेष रह जायेंगे?
प्रेम के स्वर के वही दंभ
वही कथन कि
प्रेम के समक्ष सब कुछ गौण है
शरीर और सौंदर्य से
प्रेम का कोई लेना-देना नहीं है
प्रेम का संबंध तो बस आत्मा से है।