कौन देखता है,
किसे भला अवकाश है
जो देखे,
तुम्हारे मौन से परे
उतरकर तुम्हारे भीतर झांककर कि
क्या-क्या छुपा रखा है तुमने वहां?
तुम्हारे भीतर गहरे उतरकर,
तुम्हें वही देखना चाहता है
जिसे तुम्हारी सचमुच फ़िक्र है
या जिसे तुमसे सचमुच प्रेम है।
अपने कितने
असफल प्रयासों के बावजूद यदि
अगर कोई
तुम्हारे मन की गहराईयों में
झांककर देखना चाहता है,
यदि तुम्हारी पीड़ाएं
अनुभव करना चाहता है,
तुम्हारे स्वप्न में साझेदारी चाहता है,
पढ़ना चाहता है तुम्हारा मन,
तो तुम्हें भी आनी चाहिए,
पढ़नी उसकी भाषा और
देना चाहिए प्रत्युत्तर उसका।
वर्ना इस समय में
तुम्हें सतह पर तो
बहुत से लोग छूकर जाते हैं
सतही तौर पर तुम्हें बहुत से
लोग जानते हैं।
किसे अवकाश ऐसे समय में
जो उतरे तुम्हारी गहराईयों में।