जैसे-जैसे हमारी आयु बढ़ती है
हमारे बच्चे बड़े होने लगते हैं
तब हमें लगता है कि  धीरे-धीरे
हम अपने पिता जैसे होते जा रहे हैं
हमारे हाव -भाव,  बोलने का ढंग
भाव भंगिमाएं 

चाहे -अनचाहे 

ठीक उनके जैसी होती जा रही हैं ।

बहुत सारी ऐसी आदतें
जिनको हम अपने पिताजी से हमेशा
छोड़ने के लिए कहते थे,
वही चुपके से हमारी आदतें बन गईं हैं
और हमारे बच्चे
उन्हीं आदतों पर हमें हमेशा टोकने लगे हैं।
इस तरह पिता में परिवर्तित होते जाने के बाद ही
यह जानना संभव होता है कि
पिता ने अपने जीवन में
क्या कुछ अनुभव किया होगा
कितना सहा होगा।