एक होटल में लगी आग

जलकर मर गए न जाने कितने लोग

तो क्या हुआ?

एक कोचिंग में लगी आग

 बुझ गए न जाने कितने घरों के मासूम चिराग़

 तो क्या हुआ?

तीन लोग उतरते हैं सीवर के  बदबूदार गटर में

 दम घुटने से हो जाती है उन सभी की मौत

तो क्या हुआ?

एक गोदाम की गिर  जाती है छत

 मर जाते हैं कितने लोग

तो क्या हुआ?

नकली पानी वाले इंजेक्शन से

मर जाती है पांच गर्भवती महिलाएं

तो क्या हुआ?

एक कुत्ता जो नहीं बिगाड़ता था किसी का कुछ भी उसको पीट पीट  कर मार देते हैं कुछ लोग

तो क्या हुआ?

फुटपाथ  पर सोती है 10 साल की लड़की को

उसकी मां के बगल से उठाकर

करता है बलात्कार कोई और कर देता है नृशंस हत्या

तो क्या हुआ?

एक फैक्ट्री में मुक्त कराए जाते हैं कुछ बंधुवा मज़दूर जिनको मारा जाता था ,दागा जाता था

कुत्तों से कटवाया जाता था

तो क्या हुआ?

आस्था का चढ़ावा गिनने ने वाले

ले गए थोड़ा सा चढ़ावा थोड़ा अपने घर

तो क्या हुआ?

 एक लड़की ने दिया अपने मंगेतर को

  पहाड़ी से धक्का और उतार  दिया मौत के घाट

तो क्या हुआ?

ये समाचार ही तो हैं देखकर, सुनकर,पढ़कर

हमने जताया तो मन ही मन अफ़सोस,

कुर्सी पर, सोफे पर बैठे बैठे ही

 व्यक्त कर तो दिया अपना आक्रोश

तो क्या हुआ?

चीखती,चिल्लाती बहसें तो जारी हैं हर तरफ़

कुछ धीमी आवाज़ें हैं दबी दबी सी जो सुन नहीं पाता कोई

तो क्या हुआ

एक बहुमंजिला इमारत

गिर जाती है भरभराकर

दबकर मलबे में

दम तोड़ देते हैं कितने छात्र

कितने हो जाते हैं घायल

तो क्या हुआ

एक पूजा पंडाल में भगदड़ से

मृत हो गये कुछ उन्नीस लोग

तो क्या हुआ