अनुभव कर सकता हूं मैं
झरे हुए पत्तों की पीड़ा,
जो बिछड़ गए हैं,
अपनी शाखों,अपने वृक्षों से सदा के लिए
और जानते हैं भलीभांति कि
अब उनका,
पुनः मिलना संभव नहीं।
२.अनुभव कर सकता हूं मैं
उन वृक्षों की पीड़ा
जिन्होंने खो दिया
अपनी शाखों के
कुछ पातों को
और जानते हैं वो कि
ये खोना सदा के लिए है और
अब उन पत्तों से मिलना
कभी संभव नहीं।