पथिक तुम इस पथ पर किसलिए

आखिर क्यूं कर आते हो ।

आते भी हो तो आखिर

इतने गीत क्यों गाते हो ।

तुम क्यों पालते अनुराग इतने

तुम क्यों इतने कौतूहल जगाते हो।

तुम करते कितने संबंधों का सृजन

फिर झटके से तोड़ उन्हें जाते हो।

तुम भावुकता की रौ में आखिर

इतना क्यों बह जाते हो।

तुम इतना कुछ कैसे सह लेते हो

तुम इतना कुछ कैसे कह जाते हो।

तुम इतने आघात -प्रतिघात हो कैसे झेलते

तुम इतना कुछ कैसे सह जाते हो।

तुम क्यों थके पांवों को

फिर से गति देकर जाते हो।

तुम क्यों आखिर टूटे सपनों को

फिर से नये पंख लगाते हो।

तुम क्यों मुरझाये मनों मेंं

कामनाओं के नव पुष्प खिलाते हो।

तुम इतनी वेदनाएं लिए हो हृदय में 

फिर भी आखिर कैसे मुस्काते हो।

तुम लड़ तो जाते हो औरों से

फिर स्वयं से इतना क्यों घबराते हो।

पथिक तुम इस पथ पर क्यों कर आते हो।

आते भी हो तो इतने गीत क्यों गाते हो।

......