कितनी ही बार

हम सबको गहन दुःख, अकेलेपन के क्षणों में

 या किसी संकट से जूझते हुए

चाहिए होती है सांत्वना, आश्वस्ति

उनसे

जिन्हें हम अपना समझते हैं

या जो हमें अपना कहते हैं

हमें नहीं चाहिए होते हैं

सांत्वना में लम्बे भाषण

 या आश्वस्ति के लिए उनके

सबके  सम्मुख किए गए प्रदर्शन

 हमें चाहिए होती है उनकी उपस्थिति

जैसे उनका बिना कुछ कहे

हमारे हाथों को कसकर पकड़ हमारे साथ

हमारे उन पलों में  मौन बैठे रहना

हमसे गले लग जाना कुछ इस तरह कि

हमें हो जाए ये अनुभव कि वो हैं हमारे साथ

 हमारी पीठ पर एक हल्की सी स्नेहिल थपकी

कितनी ही बार नहीं मिलती हमें

उनसे ये आश्वस्ति, सांत्वना

जिनसे हमें होती है अपेक्षा

पर कितनी ही बार

दें जाता है

कोई नितांत अपरिचित भी

हमें ऐसी ही सांत्वना

ऐसी ही आश्वस्ति

 जब वो अपने अंतर से

अनुभव कर लेता है

हमारा दुख,हमारा अकेलापन,हमारी पीड़ा

 कितनी ही बार चाहता हूं मैं भी

पाना और देना

ऐसी ही आश्वस्ति ,ऐसी ही सांत्वना

किसी नितांत अपरिचित से

किसी नितांत अपरिचित को

पर लगता है भय

कहीं ऐसा न हो कि प्रश्न ये उठे

ये पाने की अपेक्षा किस आधार पर

और ये देने की अभिलाषा किस अधिकार से