नव वर्ष का आगमन
करते हैं स्वयं से ही कुछ
प्रण नूतन -
जो बीत गया उसे भूल कर
आगे बढ़ेंगे
जो बीत गया उसे याद कर
आगे बढ़ेंगे
कटु स्मृतियों को भूल कर आगे बढ़ेंगे
मधुर स्मृतियां संजो कर आगे बढ़ेंगे
जो टूट गया
उसे समेटकर आगे बढ़ेंगे
जो छूट गया, जो बीत गया
उसको छोड़कर आगे बढ़ेंगे
जो बंधन हैं पांवों में, बेड़ियों की तरह
उन्हें तोड़कर आगे बढ़ेंगे
जो असफल हुए प्रयत्न,उन्हें भूलकर
नए यत्न करेंगे
जो राहें हुयीं अब पुरानी, उन्हें छोड़कर
नयी राह चुनेंगे
जो टूट गए स्वप्न उन्हें भूलकर
नवल स्वप्न नयन भरेंगे
पुरानी ही कलम से
नयी कथाएं लिखेंगे,नये गीत रचेंगे
पुराने अधरों से भी
नये गीत गुनगुनाएंगे
छोड़कर ईर्ष्या-द्वेष,त्यागकर घृणा
प्रेम का संदेश फैलाएंगे