इक छोटे से शहर में
घर था हमारा पुराना खपरैल का
सामने से उसके
गुज़रती थी पतली सी इक गली
एक नीम का उम्र दराज पेड़ भी था
घर के ठीक सामने
घर के सामने के हिस्से में था
एक बड़ा सा बरामदा
घर के ठीक सामने थी एक गड़ही (छोटा-सा तालाब)
भरा करता था जिसमें बारिशों में पानी
और उगती थी जलकुंभियां
शरारती लड़के चलाते थे वहां उसमें जलकुंभियों की नाव
और तैरते रहते थे नंग-धड़ंग
मेरे घर के सामने
गड़ही के उस पार थे कुछ घर
जिनकी छतों पर
डोलते रहते थे कुछ लोग
दूर से नज़र आते थे परछाइयों जैसे
उनमें से थीं कुछ मेरी हम उम्र परछाइयां
मुझे लगता था उनमें से कुछ परछाइयां मुझसे मुखातिब हैं
मेरे तसव्वुर में उभरने लगी वो परछाइयां मैं करने लगा अपने तसव्वुर में उन धुंधली परछाइयों से गुफ्तगू
न वो कभी मुझसे मिलीं
न मैं उनसे कभी हुआ रूबरू
मगर ये गुफ्तगू का सिलसिला चलता रहा
एक दिन अचानक छोड़ना पड़ा हमें वो घर
छूट गई वो गली
ख़त्म हो गई परछाइयों से गुफ्तगू
मेरे ख़यालों में
फ़िर कभी उभरी नहीं वो परछाइयां
वो घर था तो वो परछाइयां थीं
वो परछाइयां थी तो उनका तसव्वुर था
कितने बरस बीते इस बात को
मगर अब तक नहीं मिटा है
मेरे दिल से नक्श उस घर का
उस गली का,उस नीम के पेड़ का
उन परछाइयों का