नदियों की स्मृतियों में कौंधते हैं
उनके अपने छूटे हुए पथ।
वो पथ,
जो उनसे जबरन छीन लिए गए हैं ।
कभी -कभी उनकी तीव्र आकांक्षा होती है
अपने उन्हीं पथों पर
पुनः
बिना किसी अवरोध बहने की।
कभी -कभी उन्हें बहुत क्रोध आता है
मनुष्यों पर
जिन्होंने उनके मार्ग पर
अनधिकृत कब्ज़ा कर लिया है।
वो चाहती हैं
अपने समूचे हृदय से
बदला।
वो सोचती रहती हैं
कि कैसे
इन लोभी मनुष्यों को
उनकी करनी का
उनके दुष्कृत्यों का
मजा चखाया जाये।
ऐसा अवसर उन्हें
मिल जाता है ।
कभी कभी वर्षा ऋतु में
जब लगातार वृष्टि होती है और
धरती भी तृप्त हो जाती है
और वृष्टि की बूंदों को
अपने अंतर में समाने से
मना कर देती है।
तब नदियां उफनती हैं
तटबंधों को ध्वस्त करती हुई
सीमाएं तोड़ती हुई।
बहती हैं तब वे
अपने छूटे हुए पथों पर।
उस समय नदियों के चेहरे पर
होता है एक तृप्ति का भाव
खोया हुआ बहुत कुछ
वापस पा लेने का ।
कुछ खोया हुआ
पुनः
पा लेने का सुख ही
कुछ अलग होता है