सागरों का

कोई निश्चित किनारा नहीं होता,

जहां तक उनकी लहरें पहुंचती हैं

और धरती को छूती हैं

वहीं तक हो जाता है किनारा उनका,

पर

नदियों का किनारा होता है।

सामान्य दिनों में नदियां बहती हैं

अपने किनारे की सीमाओं में ,

पर धीरे-धीरे काटती रहती हैं वो

अपने ही किनारों को,

अपने विस्तार के लिए,

नहीं जान पाते हैं सब लोग 

नहीं देख पाते हैं सब

नदियों का किनारा काटना,

पर नदियों के किनारों पर बसे

गांव के लोग

जिनके खेत या घर

नदियों के कटाव से डूबने वाले होते हैं

वो अच्छी तरह से जानते हैं

नदियों के कटाव का अर्थ।

कभी-कभी नदियां

अचानक बदल देती हैं

अपने बहने की दिशा,

और अपने बदले बहाव में

डुबा देती हैं कितना कुछ,

जिसे उनकी पहुंच से दूर

सुरक्षित माना जाता था।

वर्षा ऋतु में कई बार बाढ़ के समय

नदियां अभूतपूर्व विस्तार कर लेती हैं,

तब नहीं रह जाती

ऐसी उफनती नदियों के

किनारों की कोई सीमाएं ,

तब कोई बात भी नहीं करता

इन नदियों के किनारों की,

नदियां उफनती हैं तो

सीमाएं टूटती हैं और

ध्वस्त हो जाते हैं किनारे।