ना बोले तुम न मैंने कुछ कहा

मौन है अधर बस नयन ही बोलते हैं

भेद हृदय के अनकहे सारे

जाने क्यों इस तरह खोलते हैं

आंखों से प्रकट हो रही तुम्हारे

प्रणय की मूक अभिलाषा

अधर तुम्हारे क्यो कुछ बोलतें नहीं

क्या मौन ही है तुम्हारी भाषा

उठ रही हैं नव तरंगें मन में

उमड़ रहे हैं भावनाओं के ज्वार

ये बातें कुछ हो रही हैं नयी नयीं

मन रच रहा है स्वप्नों का नया संसार

न बोलना सहज है तुम्हारे लिए भी

ना सरल है मुझे भी अपनी बात कहना

जब मिले हैं इस तरह जीवन पथ पर

देखते हैं भाग्य खोलता है कौन से द्वार

मात्र आकर्षण है इस वय का

या मन में तुम्हारे है मेरे लिये

उपजा गहन अनुराग

अभी मुझे जानना शेष है

प्रश्न मन में जाने कितने

उमड़ घुमड़ रहे हैं

उत्तर पर कहां एक भी

किसी के मिल रहे हैं

पढ़ चुकी मैं तुम्हारे नयनों के भेद सारे

पर सुनो अब ध्यान से,जीवन पथ पर

है यदि मेरे साथ की अभिलाषा

अब तुम्हारे अधरो को भी बोलना होगा