बार-बार मैं लौटता हूं
अपनी जड़ों की तरफ़,
कभी अनायास कभी सायास,
कभी स्मृतियों में, कभी स्वप्नों में,
खोदता हूं मैं अपनी जड़ों की मिट्टी
और गहरी सांस लेता हूं
और सूंघता हूं उसकी गंध।
ढूंढता हूं अपने भीतर,
उस मिट्टी के अवशेष,उसके कण,
पाता हूं उस मिट्टी के कण
अपने रक्त में प्रवाहित।
है गंध अब भी
बसी उसकी
मेरी सांसों में
है शेष कहीं न कहीं
मेरी भावनाओं में भी।
मिलता है एक संतोष कि
मैं अपनी जड़ों से पूरी तरह
उखड़ा भी नहीं हूं,
है शेष अभी
मेरी जड़ों की मिट्टी
मेरे भीतर ही कहीं।