यहां रात के अंधेरों में

जुगनू आज भी मुस्कराते हैं

रात में साफ उजला आसमां

चांद तारों से जगमगाता है

हवाओं में गज़ब की ताजगी है

हर तरफ हरे दरख़्त ही दरख़्त

नजर आते हैं

बारिशें यहां जी भर के

बूंदें बरसाती हैं

बारिश की रातों में

जब गरजते हैं बादल

और कड़कती है बिजलियां

घर की छत पर न गिर जाएं

ये सोचकर दिल घबराते हैं

रास्तों पर पैदल चलते वक़्त

कई बार सांप भी

पैरों से टकरा जाते हैं

यहां बिहू के दिनों में

हर तरफ गूंजती है मस्तानी ताने

उत्सव के हर तरफ रंग बिखर जाते हैं

सोनाई रुपाई जंगल से

कभी कभी हाथियों के झुंड भी

बस्तियों में आ जाते हैं

फ़सल के दिनों में हर तरफ़

धान के खेत ही खेत नज़र आते हैं

बारिशों में लोग यहां हर तरफ

मछलियां पकड़ते नज़र आते हैं

बहुत कम है यहां जरुरतें लोगों की

थोड़े में खुश रहके जिंदगी बिताते हैं

मीसामारी में बिताए दिन

अब भी याद आते हैं

तेजपुर , गौहाटी में बारिश में उफनती

ब्रह्मपुत्र का अनंत विस्तार

लगता है जैसे हो सागर अपार

याद आता है मुझे गौहाटी

का पुराना फैंसी बाजार

और जोरहाट का रोरिया

काजीरंगा के जंगलों में

एक सींग वाले विशाल गैंडों

और बाघों का उन्मुक्त भ्रमण

कितना कुछ है असम तेरे आंचल में

समायीं हैं सारी स्मृतियां मानस पटल में