जब भी उन शहरों में मैं गया, रुका
जिनमें कुछ ऐसे लोग रहते थे
जिनसे मैं परिचित था
कुछ अलग तरह से
उनसे मिलने की
मैं कल्पनाएं करता रहा था
कि
काश कभी भटकते हुए इन्हीं पथों पर
उनमें से ही कहीं कोई मिल जाय
मैं उसे पहचानकर
एक क्षमायाचना के साथ बताऊं कि
मैं उसे कैसे जानता हूं
एक अनुरोध करूं
चंद कदम साथ चलने का।
चलते हुए ही कहीं सड़क किनारे रुककर
किसी गुमटी से कुल्हड़ की चाय पीने का
फिर
परिचय के इतने क्षण
कुछ संवाद और कुछ मौन की
सुखद स्मृतियां लेकर
पुनः ऐसे ही कहीं चलते- चलते जीवन पथ पर
मिलने के लिए बिछड़ जायें।
हां पर बस इतना हो कि
हमें एक दूसरे से मिलकर निराशा न हो।