वो जो तस्वीरें दिखतीं हैं टीवी पर
अपने घर जाते बेबस मजदूरों की
वो जाते अपने सामान की
गठरी अपने सर पर लादे
कितनी माएं अपने बच्चों को
लेकर चल रहीं अपनी गोद में दबाए
कहीं कोई गर्भवती औरत चल रही
थकी मांदी अपने अजन्मे शिशु का बोझ उठाए
वो थककर कहीं सड़क किनारे बैठ जाएं
कहीं रेल की पटरी पर ही सो जाएं
कभी कुछ जाती ट्रेन से कट जाएं
कुछ को जाता ट्रक कुचल जाए
कुछ पैदल कुछ साईकिल पर
कुछ चल पड़े हैं रिक्शे पर ही
अपना पूरा परिवार बिठाए
कुछ कंक्रीट मिक्सर में ठुंसे हुए
कुछ ट्रकों में भेंड़ बकरियों की तरह भरे हुए
सब जा रहें हैं जैसे लुटे लुटाए
सबको बस अपने घर जाना है
सब कहते हैं अपना गांव ही अच्छा है
ये शहर तो जालिम है
ये शहर तो बेगाना है
यहां न अपना कोई
ना ही कोई ठौर ठिकाना है
गांव में जैसे भी हो
दो वक़्त की रोटी तो मिल ही जायेगी
अपना काम चल ही जाएगा
अपना पेट पल ही जाएगा
अपनों में जैसे भी हो
अपना वक़्त निकल ही जाएगा
सब कहते हैं बहुत हुआ
बेगानी जगह पर बेमतलब रहना
छोड़ अब इस शहर पराए
जैसे भी हो चल अब
अपने गांव अपने घर जाएं