मुझसे मत पूछो मैंने आखिर किया क्या

कुछ अर्थहीन शब्दों के सिवा

इस जग को आखिर दिया क्या


मैने कुछ कौतूहल हैं जगाए

कुछ मुरझायी आंखों में नव स्वप्न दिये

कुछ टूटे सपनों को नई उड़ानों के लिये नये पंख दिये

कुछ नयनों में दे डाला नीर

कुछ हृदयों में भर दी पीर

कुछ हृदय किये विकल कुछ कर दिये अधीर


कुछ हृदयों में नयी प्रीत जगाई

कुछ हृदयों में नयी आशाएं

कुछ पांवों को दी नयी यात्राएं

कुछ नयनों को अंतहीन प्रतीक्षाएं

कुछ अधरों को दिये नव गीत

कुछ उरों में भर डाली नयी प्रीत


जगाई मैंने कुछ ईर्ष्याएं,द्वेष थोड़ी घृणाएं

कुछ हृदयों को दिये विरह मैनें

कुछ उरों को अबूझ पीड़ाएं

कुछ पीड़ाएं मैंने भोगी एकाकी

कुछ कर दी मैंने जग से साझा

कुछ दुख सहे मैने अकेले

कुछ औरों संग बांटा


कुछ बिखेरी मैंने मुस्काने

कुछ आंसू यूं ही बिखराए

कुछ चुने साथी मैंने जीवन पथ पर

कुछ साथ छूटे, कुछ मैंने स्वयं ठुकराए


कभी तिल-तिल मरा मैं

कभी कुछ पलों में ही जैसेयुग- युग जिया

कुछ अमृत बांटे औरों को

कुछ विषपान स्वयं ही किया


कुछ अधरों पर बिखेरे हास

करता रहा मैं अपना प्रयास

मैं ढूंढता ही रहा कोई नयी प्रीत

मैं कभी अकेला ,कभी जग संग गाता रहा नये गीत


मैं आसमानों में रहा नये रंग बिखेरता

कभी बिखरे रंगों को खुद ही समेटता

कभी मुझे गया निर्ममता से ठुकराया

कभी गया मुझको अपनाया

कभी मुझ पर खड़े हुये सौ सवाल

कुछ प्रश्नों के मैने उत्तर दिये

कई बार मैं रह गया मौन

मैंने कुछ आवरण है लपेटे

जग पूछता है तुम हो कौन ....(शेष अगली बार)